Thursday, 15 March 2018

आज मौसम बदला (लास्ट पोस्ट से जुड़ा हुआ)

पिछली पोस्ट में ही लिखा था कि कैसे मुझे बारिश का इंतज़ार है और कैसे इस ख़ुशनुमा मौसम की तलाश में मैं देहरादून जाने वाला हूँ। कल देहरादून के लिए निकल रहा हूँ। पहले दिल्ली जाऊँगा फिर वहाँ से निखिल की कार में रोड के रस्ते देहरादून। 
आज कल सोते हुए काफ़ी देर हो जाती है और वही मेरे देर से उठने का बहाना भी है। मुझे यह पसंद नहीं, ऐसा लगता है जैसे दिन का एक हिस्सा बिना जीए बिना कुछ किए ही बीत गया। कल सुबह उठते हुए भी दस से ज़्यादा बज गए थे।यह कोई  बहुत अच्छा एहसास नहीं है।आदत ठीक करने की कोशिश जारी है...  जब दिन सुस्त शुरू होता है तो उसकी ऊँगली पकड़े हुए बाक़ी का दिन भी वैसे ही सुस्ताता सा रहता है। कल तो बाहर जाने का मन भी नहीं था। मीटिंग्स कैन्सल कर दी थीं और घर पर ही कुछ लिख पढ़ रहा था।पर कल घर पर ही रहने से एक अच्छी बात यह हुई कि मेरा पास्पोर्ट का पोलिस वेरिफ़िकेशन हो गया जो बहुत टाइम से पेंडिंग पड़ा हुआ था। कुछ डॉक्युमेंट्स जो  Police Station में देने हैं उसके लिए भागदौड़ भी की क्योंकि मुझे ये सब ठीक से निबटाकर कल देहरादून के लिए निकलना है। बीच में एक बार ऐसा भी लगा था कि शायद यह ट्रिप कैन्सल करनी पड़े पर ऐसा नहीं है।

पर आज भी मैं दस बजे के आसपास ही खुली। दिमाग़ में दूसरा ख़याल यही आया कि Police Station का काम कराना है। तो आज बिना नहाए धोए सारे डॉक्युमेंट्स लेकर Police Station ही गया।पर आज मन में देर से उठने का चिड़चिड़ापन नहीं था। वजह ये थी कि इस सारी भागदौड़ के बीच मौसम काफ़ी ख़ुशनुमा था। हल्के हल्के बादल छाये  हुए थे (अभी भी हैं) और माहौल की ठंडक बैंगलोर के मौसम की याद दिला रही थी। ख़याल आया कि 'बताओ हम मौसम ढूँढने कल देहरादून जा रहे हैं तब जाकर यहाँ का मौसम बदला है।'  भर की ताज़गी अंदर की तरफ़ अपना रुख़ कर रही थी।

Police Station के दो चक्कर लगे, थोड़ी भाग दौड़ हुई पर सब आराम से हो गया। शुक्रिया टू द मौसम। सोच रहा हूँ देहरादून में अगले दो दिन मौसम के साथ पहाड़ भी होने पर जो लोग किंहि वजहों से मुंबई से बाहर नहीं जा पा रहे उनके लिए तो यह एक सुकून होगा ही। बीच बीच में ऐसा मौसम होना चाहिए। अब देखते हैं देहरादून का मौसम कैसा होता है,  मैं पहली बार जा रहा हूँ कुछ सोच कर ना ही जाऊँ तो बेहतर होगा। कल को कल में ही खुलने के लिए छोड़ना बेहतर है। जब पहली बार बैंगलोर भी गया था तो बैंगलोर ने चकित किया था। वो चकित होने जगह छोड़ कर रखना ही ठीक है।

फ़िलहाल तो बाहर के काम निबटा कर, नहा धोकर, एक अच्छी सी चाय बनाकर अपनी वर्किंग डेस्क पर बैठा हूँ।  जाने से पहले कुछ लिखने का काम है जो आज रात तक निबटाना है। एक साफ़ साफ़ डेस्क है, जिसके बग़ल में एक हरा मनी प्लांट रखा हुआ है, दो किताबें जो मैं एक साथ पढ़ रहा हूँ वो हैं, ऊपर से पंखा अपनी हल्की हल्की हवा फेंक रहा है, मैंने खिड़की पूरी खोल ली है जहाँ से कबूरतों की आवाज़ और ठंडी हवा अंदर आ रही है और मैं लिखने बैठ गया हूँ..।

Tuesday, 6 March 2018

मुझे बारिश का इंतज़ार है


यह जो अभी लिखना शुरू किया है पहले भी लिख सकता था। अगर ढंग से देखें तो सब कुछ बंद कर के बस लिखना ही तो था। पर नहीं, इस बारे में सोचते हुए दो दिन निकल गए। जिस वक़्त इसे लिखने की ज़रूरत महसूस हुई उस वक़्त मैं सेट पर था। थोड़ा बहुत मोबाइल में लिखना शुरू ही किया था कि मेरा सीन शूट होने लगा। पूरे दिन काम किया और क्या डिमांडिंग शूट था यह। तेज़ गर्मी और कड़क धूप। ख़ैर शूट अच्छा रहा और मज़ा तो आया ही। सेट पर वैनिटी का AC, बाहर की कड़क गर्मी और धूप को मिला कर आज शाम ही सर्दी ने जन्म लिया है। बग़ल में नाक पोछने के लिए रुमाल रखा हुआ है और बाक़ी दिन के सारे काम निबटाकर या कहें तो छोड़ कर मैं इसे लिखने बैठ गया हूँ। इतना लिख लेने पर यह ख़याल आया कि सच में इसके लिए बस इतना ही तो करना था। धत्, ना चाहते हुए भी आदतन हाथ मोबाइल तक पहुँच ही गया।
दरअसल बात यह है कि मुंबई की गर्मी के इस मौसम में मुझे बारिश का इंतज़ार है। पिछले कुछ दस दिनों से मैं बारिश का इंतज़ार कर रहा हूँ। लगातार होने वाली नहीं, थोड़ी देर होकर आस पड़ोस के लैंड्स्केप को बदल देने वाली बारिश। ऐसा क्या है कि मुझे बारिश का इंतज़ार है? मुझे एक बात समझ आयी। दरअसल मुंबई में बारिश का होना मेरे मुंबई आने के पहले दिन से जुड़ा हुआ है। मुंबई से मेरी पहली पहचान से।  १२ June 2015 को मैं पहली बार मुंबई आया था। हाँ पहली बार... उससे पहले मैंने मुंबई सिर्फ़ क़िस्से-कहानियों और फ़िल्मों में देखा था। उस दिन सब कुछ ही नया था, मुंबई का रूप रंग, फ़िल्मस्टार्स की होर्डिंग्स, बिल्डिंग, सड़कें... सब कुछ ऐसा था जैसे किसी अपरिचित से मैं पहली बार मिल रहा हूँ। मुझे पता था उससे थोड़ी देर बाद बात होगी पर अभी तो शुरुआत की कुछ झिझक थी ही। स्टेशन से ऑटो लेकर शहर देखता हुआ मैं कांदीवली पहुँचा। कांदीवली का घर जो कि मेरे दोस्त गौरव ने दो हफ़्ता पहले आकर लिया था वो भी मेरी कल्पना से अलग था। तंग जगहों के क़िस्सों की मुंबई में यह घर बड़ा था। सिर्फ़ ख़ुद में ही बड़ा नहीं पर अब तक के दिल्ली और बैंगलोर के सारे घरों से बड़ा। मैं अभी भी उसी मकान में रहता हूँ, मेरे दोस्त मज़ाक़ में कहते हैं कि ‘मुंबई में कहीं जगह है तो तुम्हारे घर में।’ मेरे मकान मालिक काफ़ी नेक़ इंसान हैं। उस रात हम दोस्त (मेरा एक दोस्त अमित सिंह भी पहले से अपनी वाइफ़ पारुल के साथ मौजूद था) मुंबई घूमने निकले। 'वाह! नया शहर'। नज़रें रह रह कर किसी सिलेब्रिटी को ढूँढ रही थीं। गेट वे पर TVF में काम करने वाला इंटर्नेट सिलेब्रिटी दिखा भी। मैं जान लेना चाहता था कि जब ये शहर मुझसे बातचीत शुरू करेगा तो क्या कहेगा? क्या मेरी बात सुनेगा ये शहर? या फिर मेरी बातें इसे कैसी लगेंगी? अभी सोचता हूँ तो ऐसा लगता है जैसे इस शहर को मेरे लिए ही शायद बारिश ने उसदिन धो दिया था। नयी गलियों और लोगों से होते हुए मैं मुंबई को देख रहा था कि कैसे शुरू करूँ इससे बात करना?

अगले दिन वरुण(ग्रोवर) भाई का एक शो था कैन्वस लाफ़ क्लब में, उसके लिए मुझे उन्होंने इन्वाइट किया। तारीख़ थी १३ जून, २०१५। शो के बाद हम दोनों को लोवर परेल से लोकल लेनी थी। रात के कुछ ११ या १२ बज चुके थे। प्लैट्फ़ॉर्म पर लोकल आकर रुकी, डब्बे में अंदर कुछ १०-१२ लोग ही थे। मैं आगे खड़ा था और मेरे पीछे वरुण। मैंने एक पैर हवा में उठाया कि मैं डब्बे में चढ़ जाऊँ पर वो पैर तब तक हवा में ही रहा जब तक वरुण ने टोका नहीं कि 'क्या हुआ चढ़ो अंदर'। मैं चढ़ गया और हम दोनों बातें करते हुए कांदीवली तक आए। मेरी लोकल में फट्ट कर के ना चढ़ने की झिझक उससे पहचान ना होने की ही थी क्योंकि उसके बाद कभी ऐसा नहीं हुआ। अब तो लोकल ज़िंदगी का एक हिस्सा बन चुकी है।

शुरू के एक साल अलग अलग जगहों पर मैं गूगल मैप देखकर जाता था, अलग अलग ठिकानों पर। शहर की कई सारी जगहें मैंने किसी बिंदू की तरह ढूँढी है। नयी जगह पर जाना कुछ नया मिल जाने सा था। मुंबई आकर ही मुझे समझ आय कि  मुझे रंग और काँच के सामान बहुत पसंद हैं। मेरी सारी पसंदीदा जगहें मुझे एक छोटा सा मेले सी लगती थीं। अब शहर के क़रीब क़रीब हर वेन्यू से पहचान हो गयी है। वहाँ पर्फ़ॉर्म भी कर लिया है। अब जब वापस उन्हीं जगहों पर बार बार जाना होता है तो रास्ते समझ आते हैं मैं उन सारे बिंदुओं को जोड़ कर अपने दिमाग़ में एक रास्ता बना पाता हूँ। जो लोग अब रास्ता पूछते है उनको बता देता हूँ और फिर सोचता हूँ यह कैसे हो गया धीरे धीरे। इस शहर से इतनी जान पहचान हो गई। कभी कहीं यूँ ही घूमते हुए दोस्त मिल जाते हैं और फ़ेसबुक वाले दोस्त भी, तो लगता है कि  शहर अपना सा है। पर इसी बीच एक बात हुई है कि भटकना कम हो गया है। भटकने में कुछ मिल जाना आश्चर्य है। वो आश्चर्य धुँधले हो रहे हैं। उनकी जगह नए आश्चर्यों ने ले ली है। बारिश को आने में भी अभी तीन महीने हैं। बैंगलोर में दोस्तों के साथ रात में घूमना और सुंदर भविष्य के सपने भी भटकना था। मुझे उस भटकने की जगह रखनी पड़ेगी अपने अंदर यह समझ आ रहा है। उस भटकाव ने साहित्य और सिनेमा के नए दरवाज़े खोले थे। वहाँ से एक रस निकल आत था। चाय से भी पहले वाला स्वाद ग़ायब है, कभी चीनी ज़्यादा हो जाती है तो कभी चायपत्ती... पर मुझे यक़ीन है एक हल्की बारिश के साथ सब वापस आ जाएगा। पूरी तरह से नहीं पर टूकड़ों में ही। जैसे सिगरेट पीने वाले दिनभर टूकड़ों में अपना सुकून ढूँढते हैं मैं वो बारिश में ढूँढ रहा हूँ। हल्का ठंडा मौसम, चाय, किताबें और काग़ज़ पर उतरता हुआ मनचलापन।

मुंबई में अभी तो बारिश मुमकिन नहीं इसीलिए अगले हफ़्ते देहरादून जा रहा हूँ कुछ दोस्तों के साथ। बारिश ना सही पहाड़ ही सही। होटल भी रस्किन बॉंड के घर के बग़ल में बुक किया है। वहाँ जाकर भटकेंगे थोड़ी देर।  ख़ैर घड़ी १२ बजकर ११ मिनट का वक़्त बता रही है। सड़कें ख़ाली होंगी और मौसम में रात की एक ताज़गी। सोच रहा हूँ थोड़ी देर भटक आऊँ। मम्मी पूछेंगी कि सर्दी हुई पड़ी है तुम्हें और इतनी रात में घूमने निकल रहे हो? पर अब ठीक है उनको समझ आ जाएगा। वैसे भी भटकने के बाद अक्सर नींद अच्छी आती है।


Friday, 2 March 2018

14 साल बाद



नीतीश, मेरा स्कूल का जूनियर.14 साल बाद मिला. 2004 में स्कूल ख़त्म होने के बाद मैं दिल्ली चला आया था. स्कूल की यादें बहुत अच्छी थी नहीं और ना ही कोई दोस्त, तो मैं खुश था एक ऐसे माहौल से निकल कर जिसने घुटन के अलावा कुछ दिया नहीं. हाँ लिखना स्कूल में ही शुरू हो गया था, सातवीं क्लास में. स्कूल के बाद ज़िन्दगी दिल्ली, बैंगलोर से होते हुए लिखने के लिए मुंबई पहुंची... और एक दिन स्कूल का ही एक लड़का फेसबुक पर मुझे ढूँढता हुआ इनबॉक्स में... नीतीश ही था वो. उसने मुझे मेरी ऐसी ऐसी बातें बताई जो मैं भी भूल चुका था. मुझे अच्छा लगा ये. हमने नंबर एक्सचेंज कर लिए क्योंकि दोनों में शायद कॉमन बात यही है कि दोनों में कोई इंजीनियर नहीं है. मैं जो कर रहा हूँ कर ही रहा हूँ और ये फोटोग्राफर बन गया है। दुबई जा रहा है काम के सिलसिले में. दो चार दिनों के लिए मुंबई में था तो मिलने के लिए फ़ोन किया. हम कल मिले और अचानक घूमने का प्लान बना. वर्सोवा, गिरगाँव चौपाटी, मरीन ड्राइव, गेट वे, ईरानी कैफ़े, चर्चगेट और मुम्बई लोकल सबकी सैर खाते-पीते एक साथ हो गई. कुछ 7-8 किलोमीटर पैदल भी चले. मज़ा आया. रात में वापस लौटते हुए सोचा कि इतना तो मैं किसी के साथ एक दिन में नहीं घुमा. नीतीश को कहा 'एक मुट्ठी मुंबई लेकर जा रहे हो'. वो हँस रहा था.खुश था. अब जब सोच रहा हूँ तो लग रहा है कि दरअसल नीतीश मेरे बचपन और स्कूल को एक मुट्ठी मेरे पास छोड़ने आया था. एक अच्छा, सुंदर हिस्सा उस अतीत का जो कोनों में कहीं दबा रहा गया था. आज बड़ा होकर मिला है. मैं बहुत सी बातें और चेहरे भूल चुका हूँ उस वक़्त के. कभी कभी तो अपनी कहानी भी नहीं लगती वो...पर अपना सच है. एक जगह जहाँ बचपन में किसी ने एक्सेप्ट नहीं किया, उसमें आज नीतीश से मिलना ऐसा था जैसे स्कूल के एक हिस्से में अब जाकर एक्सेप्ट किया हो मुझे. 14 साल बाद. एक ग्रहण का हिस्सा अपना भी उतरा कल रात.
आगे के काम और भविष्य के लिए शुभकामनाएं नीतीश. खुश रहो, मज़े करो और अच्छा काम करो. वापस आओ तो फिर मुलाक़ात होगी.

Thursday, 15 February 2018

सुख के दुःख...


कोई भी अच्छी ख़बर कभी अकेले नहीं आती। वो आते हैं जैसे आते हैं बादल। जितनी अच्छी ख़बर उतने घने बादल। घने बादलों का मतलब होता है घनी बारिश। ये ख़ुशी के बादल हैं बादल भी आते हैं एक दुःख के ख़याल की बारिश को साथ लेकर। लगता है कभी भी बरस जाएँगे। मैं अभी हल्की हल्की ठंड जो महसूस करना शुरू करता ही हूँ कि दिमाग़ में इन बादलों के बरस जाने का डर अगले ही पल आ जाता है। पर यह बस एक ख़याल है जिसे मैं अक्सर अपने आस पास मँडराता देखने लगा हूँ।  मिडल क्लास में बड़े हुए हर व्यक्ति की यही कहानी है। 'हवा में ज़्यादा मत उड़ो, गिरोगे तो उठ नहीं पाओगे', 'जितना ख़ुश हो रहे हो ना उतना रोना भी पड़ेगा'  जैसी बातें आम हैं। हम सब ऐसी बातें सुनते हुए बड़े हुए हैं। एक आभाव में...मैं जब बड़ा हो रहा था तो मेरे सामने सबसे बड़ा अभाव था संभावनाओं का। सिर्फ़ मेरे पास ही नहीं, आस पास हर तरफ़। इन्हीं संभावनाओं  के आकाल ने देश में इतने सारे इंजीनियर पैदा किए हैं।

बिहार के एक छोटे से क़स्बे में बड़े होते हुए अपने दिमाग़ ये यह बात धीरे धीरे घर करती गयी कि जो भी अच्छा है वो यहाँ से बाहर है। वहाँ से निकलने पर ज़िंदगी बेहतर हो जाएगी कि की बातें आम थीं। एक रोशनी जैसा ऐहसास होता था कि बस इस परीधि से बाहर निकले और उस रोशनी का हिस्सा हो जाएँगे। कल सुंदर होगा। एक वक़्त वो भी आया जब उससे बाहर निकल ही गए। अब बाहर बेहतर तो था पर बिल्कुल वैसा कभी नहीं हुआ जैसी कल्पना थी। उस जगह के अपने संघर्ष और आभाव थे। और अगर मैं ठीक हूँ तो अक्सर ये आभाव मानसिक तौर पर ज़्यादा रहे हैं जो कहीं ना कहीं अपनी परवरिश से जुड़े होते हैं।

कभी कभी तो ऐसा होता है कि मैं किसी वजह से बहुत ख़ुश हूँ और फिर दिमाग़ उसमें दुःखी  होने के बहाने ढूँढने लगता है। शायद इसे दुःखी होना कहना ठीक नहीं होगा पर उतने ख़ुश ना होने के बहाने...फिर यह धीरे धीरे फैलता है और मैं कल्पना करता हूँ अपनी दुनिया में उस बात की जो मेरे साथ सबसे बुरी हो सकती है। दिमाग़ ख़ुद को बतलाता है शायद कि ये मेरे साथ मुमकिन नहीं। या फिर इसको आदत है एक ऐसे अभाव की, जिसकी जगह यह तैयार करता रहता है। मेरे जानकार और दोस्तों के साथ भी अक्सर ऐसा होता है मैंने सुना है। पर मैंने इसका यह पैटर्न पकड़ लिया है और शायद यही पैटर्न है जिसे पकड़ कर भवानी प्रसाद मिश्र ने अपनी कविता ‘सुख का दुःख’ लिखी होगी। अभी जब मुझे इसका यह पैटर्न दिखने लगा है तो मैं इसके साथ भी खेलता हूँ। पर इस सुख के दुःख की आदत पुरानी है जो शायद धीरे धीरे ही जाएगी। तब, जब अभाव थोड़ा कम होगा और सम्भावनाओं की ज़मीन पर छोटे छोटे फूल खिलकर कहेंगे कि ‘देखो यह होना मुमकिन था/’